अब रसोई गैस की भी होगी तत्काल बुकिंग, दो से तीन घंटे में मिल जाएगा सिलेंडर

0
299

नई दिल्ली। गैस सिलेंडर जल्दी चाहिए तो उसके लिए जोगाड़ लगाने की जरूरत नहीं। ट्रेन के तत्काल टिकट की तर्ज पर गैस सिलेंडर की भी बुकिंग होगी। दिन में एक टाइम स्लॉट दिया जाएगा। इस अवधि में बुकिंग कराने वाले को दो से तीन घंटे में गैस सिलेंडर मिल जाएगा। इस संबंध में इंडियन ऑयल का प्लान तैयार हो चुका है। अन्य दो तेल कंपनियां भी इसमें शामिल होंगी। दो से तीन दिन में इस पर मोहर लग जाएगी। इसके एक हफ्ते बाद यह सेवा शुरू कर दी जाएगी।

प्रस्ताव में तत्काल सिलेंडर बुकिंग के लिए फ्लेक्सी रेट रखने की बात कही गई है। दिल्ली के एक आला अधिकारी ने बताया कि सामान्य घरेलू एलपीजी सिलेंडर या कॉमर्शियल सिलेंडर से तत्काल की कीमत थोड़ी अधिक रखी जाएगी। बुकिंग के लिए एक न्यूनतम मूल्य तय किया गया है। इसके बाद कीमत और ऊपर जा सकती है। यानी जल्दी गैस सिलेंडर चाहिए तो सामान्य गैस सिलेंडर से अधिक एक तय कीमत देनी पड़ेगी। अलग-अलग राज्यों के लिए कीमतों में अंतर हो सकता है। अधिकारी ने बताया कि लखनऊ, कानपुर जैसे बड़े क्षेत्रफल वाले शहरों में अलग-अलग एजेंसियों की तत्काल दरें भी भिन्न हो सकती हैं। इसकी वजह यह है कि इसमें ट्रांसपोर्ट शुल्क भी शामिल होगा। इस साल एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए तेल कंपनियों की ओर से यह दूसरा तोहफा होगा। माह की शुरुआत में ही आईओसी ने मिस्ड कॉल पर गैस बुकिंग की सुविधा शुरू की है।

इस तरह होगी बुकिंग
फिलहाल आईओसी ने मंत्रालय को जो प्लान भेजा है उसमें ऑनलाइन बुकिंग की बात की गई है। इसके अलावा साथ में टोल फ्री नम्बर देने पर भी विचार चल रहा है। इसी हफ्ते यह सबकुछ तय हो जाएगा। इसके बाद सेवा के बारे में मंत्रालय स्तर से घोषणा की जाएगी। इसमें उपभोक्ता को तेल कंपनी की वेबसाइट पर जा कर विकल्प चुनना होगा। इसमें तत्काल का विकल्प चुनकर अपना खाता और मोबाइल नम्बर दर्ज करना होगा।

उपभोक्ताओं को लाभ
गैस उपभोक्ताओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी। अधिसंख्य उपभोक्ता तब गैस बुक कराते हैं जब सिलेंडर खत्म होने जा रहा होता है। कई बार उनका आकलन गलत निकलता है और नया सिलेंडर पहुंचने से पहले ही गैस खत्म हो जाती है। ऐसे उपभोक्ता अब तत्काल सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here