यूपी में तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान संपन्न, पंजाब की सभी 117 सीटों के लिए भी हुआ मतदान

0
250

शाम बजे तक पंजाब में 63.44 फीसदी मतदान, उत्तर प्रदेश में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर डाले वोट

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज संपन्न हो गया। तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ है। इस चरण में उत्तर प्रदेश के कई कद्दावर नेताओं के भविष्य का भी फैसला होगा। वहीं पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों के लिए भी आज एक ही चरण में मतदान हो गया है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत राज्य के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबित पंजाब में शाम 5 बजे तक 63.44 फीसदी मतदान हुआ। वहीं उत्तर प्रदेश में शाम 5 बजे तक 57.25% मतदान दर्ज किया गया। अभी तक सबसे ज्यादा मतदान यूपी के ललितपुर में हुआ, जहां 67.37 फ़ीसदी लोगों ने वोट डाले, तो सबसे कम मतदान कानपुर नगर में 50.88 फीसदी हुआ है। कई जगहों पर सुबह वोटिंग की रफ्तार धीमी दिखी, तो दोपहर के बाद इसमें तेजी आई और ज्यादा लोग वोट डालने पहुंचे।

पंजाब और उत्तर प्रदेश में दोपहर तीन बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 49.31 प्रतिशत रहा। भारत निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक तीसरे चरण के विधानसभा चुनाव में 48.81 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पंजाब में रविवार को दोपहर 3 बजे तक 49.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद अधिकतर जगहों पर वोटिंग की रफ्तार बढ़ी और अगले दो घंटों में यह आंकड़ा काफी ऊपर पहुंच गया। शाम 6 बजे तक सभी जगहों पर मतदान की प्रक्रिया चली।

पंजाब विधानसभा की 117 सीटों पर कुल 1304 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें 93 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। पंजाब में इस बार कांग्रेस, आप, शिअद-बसपा गठबंधन, बीजेपी-पीएलसी-शिअद (संयुक्त) और विभिन्न किसान संगठनों की राजनीतिक इकाई संयुक्त समाज मोर्चा के बीच बहुकोणीय मुकाबला है। इस चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा भगवंत मान, कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल प्रमुख समेत कई बड़े दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। 10 मार्च को नतीजों का एलान होगा, तब सभी की किस्मत का फैसला हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here