संगठन की मजबूती से तय होगी चुनावी जीत : गुनसोला

3

 

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलए-2, जिला एवं महानगर पदाधिकारियों, नगर अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों तथा संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक मजबूती का है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल बड़े मंचों और सभाओं से नहीं जीते जाते, बल्कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही जीत की वास्तविक नींव तैयार करते हैं। उन्होंने बीएलए कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बीएलए अपने बूथ पर “प्रहरी” की भूमिका निभाए और मतदाता सूची से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों तक हर जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता के साथ निभाए।

उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया केवल एक औपचारिक कार्य नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय होकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करेगा, तो आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। गुनसोला ने कहा कि कांग्रेस का जनाधार आज भी मजबूत है और जरूरत केवल उसे संगठित एवं सक्रिय करने की है।

प्रशिक्षण शिविर में मुख्य प्रशिक्षक अमेंद्र बिष्ट ने एसआईआर प्रक्रिया की तकनीकी, प्रशासनिक एवं दस्तावेजी जानकारी विस्तारपूर्वक साझा की। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किन-किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है, नए मतदाताओं का नाम कैसे जोड़ा जाता है, त्रुटियों को किस प्रकार सुधारा जाता है तथा बूथ स्तर पर बीएलए की क्या जिम्मेदारियां होती हैं। उन्होंने कहा कि यदि संगठन के सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें, तो पार्टी बूथ स्तर पर बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच सकती है।

अमेंद्र बिष्ट ने यह भी कहा कि बीएलए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन और मतदाता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे घर-घर संपर्क अभियान, मतदाता सूची सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दें। उन्होंने संगठन के जिला, ब्लॉक एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री एवं मसूरी विधानसभा क्षेत्र की बीएलए-1 गोदावरी थापली ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही भविष्य की चुनावी सफलता का आधार बनेगा। प्रशिक्षण शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची पुनरीक्षण, संगठनात्मक रणनीति तथा आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, जिला अध्यक्ष संजय किशोर, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी, अनूप सक्सेना, अमित गुप्ता, ट्रेनर प्रशांत खंडूड़ी, प्रभारी यशपाल चौहान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, वरिष्ठ नेता पार्षद सुमेंद्र सुशांत बोहरा, पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली, मनीष गोनियाल, सोनिया आनंद रावत, मेघ सिंह कंडारी, पार्षद सागर लामा, डॉ. अरविंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं लगभग 150 बीएलए उपस्थित रहे।