MDDA का बड़ा एक्शन: 30 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, कई अवैध निर्माण भी सील

Astitva Times Desk
4 Min Read

 

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए डोईवाला, कारगी ग्रांट, यूनिवर्सिटी रोड और मसूरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।अभियान के दौरान करीब 30 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि विभिन्न स्थानों पर अवैध व्यावसायिक और आवासीय निर्माणों को सील किया गया। कार्रवाई प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

एमडीडीए की सबसे बड़ी कार्रवाई डोईवाला के खत्ता रोड स्थित रेलवे फाटक के पास हुई। यहां परमजीत कौर, शूरवीर सिंह पंवार, विनोद रावत, शाहरुख वसीम और नरेन्द्र बसेरा द्वारा लगभग 30 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग के लिए बनाई गई सड़कें, सीमांकन और अन्य अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया।अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोगों ने प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति प्राप्त नहीं की थी।

कारगी ग्रांट के विजिलेंस ऑफिस रोड क्षेत्र में फरमान द्वारा निर्मित की जा रही अवैध दुकानों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। एमडीडीए के अनुसार निर्माण कार्य नियमों के विपरीत किया जा रहा था और पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया था। इसी तरह ग्राफिक रेरा यूनिवर्सिटी रोड क्षेत्र में यामीन, अमीर खान एवं अन्य लोगों द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमतियों के संचालित पाया गया। प्राधिकरण ने संबंधित पक्षों को निर्माण कार्य तत्काल बंद करने के निर्देश दिए।

मसूरी क्षेत्र के टिहरी-चम्बा रोड स्थित टिपरी धार में सुरेश कुमार, सरोजनी देवी और प्रीति कुमारी द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को भी सील किया गया। एमडीडीए का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अनधिकृत निर्माण पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती बरती जा रही है। एमडीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद-फरोख्त या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें। बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों में निवेश करने से भविष्य में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियोजित, सुरक्षित और टिकाऊ शहरी विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया के अनुसार प्रवर्तन टीम नियमित निरीक्षण कर रही है। जहां भी बिना स्वीकृति प्लॉटिंग या निर्माण कार्य संचालित पाया जा रहा है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण और भूमि विकास केवल निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!