देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में वन विभाग के एसडीओ (उप प्रभागीय वनाधिकारी) को एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने आरोप लगाया है कि राजीव नयन ने अपनी वैवाहिक स्थिति के संबंध में गलत जानकारी देकर विवाह का झांसा दिया और इसी आधार पर उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
विकासनगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, युवती ने अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल ने अपनी पूर्व वैवाहिक स्थिति को लेकर तथ्यों को छिपाया और भ्रामक जानकारी दी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने पहली पत्नी से तलाक और दूसरी पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद से संबंधित तथ्यों को सही तरीके से नहीं बताया। युवती का आरोप है कि बाद में उसे दूसरी पत्नी से तलाक होने के कथित दस्तावेज दिखाए गए, जिनके आधार पर विश्वास में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए विकासनगर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
विकासनगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल राणा के अनुसार राजीव नयन नौटियाल को उनके आवास से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राजीव नयन नौटियाल पहले भी चर्चाओं में रहे हैं। कुछ समय पूर्व उन्होंने चकराता और कालसी क्षेत्र में कथित अवैध खनन के मामलों को उठाया था। उस दौरान खनन गतिविधियों को लेकर उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर उनका खनन से जुड़े लोगों के साथ विवाद दिखाई दिया था।
इसके अलावा, वन विभाग ने हाल ही में राजीव नयन नौटियाल को वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और सरकारी कार्यों में लापरवाही के आरोपों के आधार पर निलंबित किया था। हालांकि, उन्होंने इस कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसके बाद न्यायालय ने उनके निलंबन आदेश को निरस्त कर दिया था। अब एक बार फिर राजीव नयन नौटियाल गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












