देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित देवऋषि एन्क्लेव में ऑनलाइन ट्रेडर दीपक गुप्ता की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।जांच में सामने आया है कि हत्या करने वाला युवक मृतक का परिचित था, जिसकी पहचान एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम देवऋषि एन्क्लेव स्थित अपने आवास में 48 वर्षीय ऑनलाइन ट्रेडर दीपक गुप्ता की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से हिरासत में लिए गए 20 वर्षीय रोहन प्रजापति से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जांच में पता चला कि आरोपी रोहन प्रजापति देहरादून के एक निजी कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। उसकी पहचान कुछ समय पहले दीपक गुप्ता से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने के उद्देश्य से दीपक के संपर्क में आया था और घटना से पहले भी एक बार उनके घर जा चुका था।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन रोहन दोबारा दीपक गुप्ता के घर पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच कथित तौर पर अनैतिक संबंध बनाने के दबाव को लेकर विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने दीपक के हाथ से चाकू छीन लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने गर्दन, चेहरे, हाथ और गाल पर कई वार किए, जिससे दीपक गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे मौके से ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी से हुई पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की गई।सीओ सदर ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और डेटिंग ऐप के माध्यम से बनने वाले संबंधों को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।










