कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजपुर वार्ड में 12 लाख की योजनाओं का किया शिलान्यास

Astitva Times Desk
3 Min Read

जनता की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता : गणेश जोशी

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजपुर वार्ड संख्या-04 के चन्द्रलोक बस्ती में ₹12 लाख की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं में ₹3 लाख की लागत से तटबंध के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण तथा ₹9 लाख की लागत से राधाकृष्ण मंदिर परिसर में टिन शेड का निर्माण शामिल है। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।


शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराना और प्रत्येक क्षेत्र तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार केवल योजनाओं की घोषणा करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता को उनका वास्तविक लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को नई गति दे रही है। धामी सरकार जिस विकास कार्य का शिलान्यास करती है, उसे समयबद्ध ढंग से पूरा कर लोकार्पण तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो।

मंत्री जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और बस्ती में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पार्षद महिमा पुंडीर, समीर पुंडीर, सुधीर पुंडीर, मोहित अग्रवाल, अवनीश खत्री, अजीत सिंह, मोहित खरोला, विशाल गोयल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!