देहरादून। राजधानी देहरादून में शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल के प्रबंधक/प्रधानाचार्य ने गुरु-शिष्य की पवित्र मर्यादा को ताक पर रखते हुए अपने ही स्कूल के 15 वर्षीय छात्र के साथ अश्लील हरकतें और गलत काम किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जुलाई 2026 को प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति ने थाना प्रेमनगर में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा प्रेमनगर के ‘कैम्ब्रिज स्कूल पौंधा’ में पढ़ाई करता है। पिछले कुछ समय से उनका बेटा काफी अकेला और गुमसुम रहने लगा था। जब परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने प्यार से उससे बातचीत की, तो मासूम ने रोते हुए आपबीती सुनाई। छात्र ने बताया कि उसके स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य द्वारा उसके साथ अश्लील हरकतें की जा रही थीं।
शिकायत मिलते ही दून पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता/पीड़ितों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0- 142/26 धारा 5(एफ)/6/7/8 पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हेतु थाना प्रेमनगर पुलिस की विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबिश दी और नामजद अभियुक्त प्रिंसपिल डॉ एस वोहरा पुत्र जगन्नाथ वोहरा उम्र 57 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।











