फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का आरोपी गिरफ्तार

2

 

देहरादून। दून पुलिस ने भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक शातिर आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था, जिसे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई सटीक कार्रवाई में दबोच लिया गया। राजपुर रोड स्थित आर्य नगर निवासी श्रीमती रक्षा सिन्हा ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमित और उसके सहयोगियों ने उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि का बैनामा अपने नाम कराकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।

शिकायत के आधार पर 23 नवंबर 2018 को कोतवाली डालनवाला में धारा 420, 465, 466, 467, 468, 471 एवं 120-बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस मामले में संलिप्त तीन आरोपियों—राजीव देओल, कुलदीप सिंह और विनय बिश्नोई—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनसे पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए, जिनकी तलाश लगातार जारी थी।

इसी क्रम में वर्तमान में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार करने के लिए मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से व्यापक अभियान चलाया। पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर 1 जून 2026 को मेरठ में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र कुमार (59 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जसवंत सिंह निवासी ग्राम सरस्वा, थाना दौराला, जिला मेरठ तथा वर्तमान निवासी उदय पार्क कॉलोनी फेस-2, थाना पल्लवपुरम, मेरठ के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी भूमि धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध लाभ लेने की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था। उसकी गिरफ्तारी से मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने कहा कि भू-माफियाओं, भूमि धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर आम नागरिकों की संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलेन्द्र सिंह रावत, कोतवाली डालनवाला
उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, चौकी प्रभारी नालापानी
हेड कांस्टेबल मांगेराम
हेड कांस्टेबल भगवान सिंह कठैत
कांस्टेबल पंकज मलासी
कांस्टेबल सौरभ रावत, एसओजी नगर
दून पुलिस की इस कार्रवाई को भू-माफियाओं के खिलाफ चल रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जिसने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि कानून से बचकर भागने वाले अपराधी चाहे कहीं भी छिपे हों, पुलिस की पकड़ से दूर नहीं रह सकते।