मसूरी- कैंपटी रोड़ पर सड़क हादसे में युवक की मौत

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी के कैंपटी फॉल के पास एक दुखद सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक युवक की मौके पर ही जान चली गई। रविवार सुबह कांडीखाल इलाके में एक कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UK07 FP 0359) अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसके परिणामस्वरूप कार में सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार पुत्र प्रदीप कुमार निवासी कंधाला थाना कैराना जिला शामली के रूप में हुई।

 

सूत्रों के अनुसार, विजय कुमार अपने दोस्तों के साथ मसूरी घूमने आया था। वे कैंपटी फॉल देखने पहुंचे थे। रात में उनके साथी होटल में ठहरे, जबकि विजय कार में ही सो गया। सुबह जब दोस्तों ने होटल के बाहर कार गायब पाई और फोन पर संपर्क नहीं हो सका, तो उन्होंने मसूरी पुलिस को सूचित किया।

इसी बीच कांडीखाल क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी ने पुलिस को खबर दी कि सड़क के नीचे खाई में एक कार गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति मृत पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्टि की कि मृतक वही लापता युवक था।पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर शव को खाई से बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस से मसूरी के उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मसूरी पुलिस ने पंचनामा पूरा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है और उसके साथ आए दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

लंढौर छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष महेश चन्द्र ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि कैंपटी फॉल से कांडीखाल जाने वाली सड़क के कई हिस्सों में पैराफिट और क्रैश बैरियर की कमी है, जिसके कारण उस क्षेत्र में बार-बार हादसे हो रहे हैं। महेश चन्द्र ने प्रशासन से तत्काल मजबूत सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!