कारगी में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की बैठक आयोजित

2

 

देहरादून। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच द्वारा देहरादून के कारगी क्षेत्र में विजिलेंस कार्यालय के पास स्थित मंच की क्षेत्रीय संयोजिका सीमा जावेद के कार्यालय पर एक विस्तृत संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य विषय राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के समर्थन में संगठन की स्पष्ट भूमिका तथा समाज में राष्ट्रीय एकता और सद्भाव को सुदृढ़ करना रहा।

बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक उच्चारण के साथ की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान मंच की संयोजिका सीमा जावेद ने कहा कि मंच का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि संवाद और समरसता के माध्यम से समाज को जोड़ना है। कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए बताया गया कि मंच लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विश्वास और संवाद की सेतु बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंच का मूल लक्ष्य भारतीय मुसलमानों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में मंच की विभिन्न इकाइयाँ सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सौहार्द का वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

सीमा जावेद ने वंदे मातरम् के समर्थन में कहा कि “जब हमारी धरती हमें जन्म देती है, पालती-पोसती है और हमें पहचान देती है, तो उसका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। हमें यह कहने में गर्व है कि हम अपनी मातृभूमि का सम्मान करते हैं और करते रहेंगे।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय मुसलमान इस देश की मिट्टी से जुड़े हुए हैं।
“हम न कभी यहां किरायेदार थे, न हैं और न ही रहेंगे। हमने इसी धरती पर जन्म लिया है और यही हमारी पहचान है। कुछ कट्टरवादी विचारधाराएँ समाज को बांटने का प्रयास कर सकती हैं, लेकिन हम संस्कृति और मूल पहचान से एक थे, एक हैं और एक रहेंगे।”

उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को जोड़ने की आवश्यकता पहले से अधिक है। आपसी अविश्वास और भ्रम को दूर करने के लिए संवाद, शिक्षा और सकारात्मक पहल आवश्यक हैं। वे समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नियमित जनसंपर्क अभियान चलाएं जाएंगे। बैठक में अफसाना, अकबरी, तहसीन खान, हमीदा, रमजान अली, मुस्तकीम अहमद मरगूब, इदरीश इमरान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने और समाज में एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।