गौरव रस्तोगी बने विश्व हिन्दू परिषद के जाखन खंड अध्यक्ष, युवा भाजपा नेता मोहित जायसवाल ने किया था कार्यक्रम का आयोजन

MS Malik
By
4 Min Read

देहरादून। कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने आज जाखन स्थित हरिहर बाबा सिद्धपीठ मंदिर में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उनके द्वारा उपस्थित लोगों के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ भी किया गया।

    बजरंग दल के प्रदेश संयोजक अनुज वालिया ने उपस्थित लोगों को हिंदू समाज को एकजुट करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें सभ्य समाज स्थापित करना होगा। बहन बेटियों को गलत प्रवृत्ति के लोगों से सुरक्षित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण आज देश में बडी़ समस्या बन चुकी है, दूसरे धर्मों के लोग हमारे लोगों को बहकाकर उनका धर्मांतरण करा रहे हैं। ऐसे में हम सब लोगों को एकजुट होना होगा और योजना के आधार पर देश भर में जागरूकता फैलाने का काम करना होगा।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे के साथ अपने उद्बोधन की शुरुआत की। उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों को प्रणाम करते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद से ही आज मैं इस पद पर पहुंचा हूं और मैं आपके चरणों में वंदन करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश का नेतृत्व एक महान संत के हाथ में है जो लगातार हमारे देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहे हैं। उनके नेतृत्व में ही करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक भगवान श्री राम का मंदिर निर्मित होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। यह वही लोग हैं जिन्होंने भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल खड़े किए थे। 

उन्होंने कहा कि देश में कुछ गलत विचारधारा रखने वाले लोगों द्वारा जबरन धर्मांतरण किया जा रहा है। ऐसे में बहुत जरूरी हो जाता है कि समाज में जागरूकता बढ़ाई जाए और देश को सही दिशा की ओर अग्रसर किया जाए। उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों को समाज को एकजुट व जागरूक करने के सराहनीय कार्य हेतु धन्यवाद दिया और कहा कि मेरी कामना है आपका संगठन ऐसे ही लगातार देशहित में कार्य करता रहे। कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद के संगठन का विस्तार करते हुए गौरव रस्तोगी को जाखन खंड अध्यक्ष एवं शिवलिक थापा को खंड संयोजक बनाया गया।

कार्यक्रम के संयोजक युवा भाजपा नेता मोहित जायसवाल ने कहा कि युवा शक्ति को सचेत एवं सजग रहकर एक अच्छे समाज का निर्माण करना होगा। उन्होंने उपस्थित युवाओं से नशा मुक्ति के लिए अभियान चलाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में फैल रही बुराइयों से निपटने के लिए भी कारगर योजना बनानी होगी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं युवाओं का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री कैलाश पंत, महानगर सेवा प्रमुख हरीश कोहली, कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गुप्ता, महानगर सहसंयोजक आशीष बलूनी, मनप्रीत सिंह, नितिन भंडारी, शेखर थापा, गौरव शर्मा, समर गुप्ता, संदीप सिंह ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!