देहरादून। राजधानी देहरादून की कैंट कोतवाली में तैनात अपर उपनिरीक्षक (एएसआई) सत्यवीर सिंह का आज आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उनके निधन को पुलिस परिवार के लिए बड़ी क्षति बताया है। जानकारी के अनुसार, एएसआई सत्यवीर सिंह पिछले कुछ समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। कुछ दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया। इसके बाद उनके परिजनों द्वारा उन्हें देहरादून स्थित महंत इन्द्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद रविवार प्रातः उनका निधन हो गया। सत्यवीर सिंह के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सत्यवीर सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती पुलिसकर्मी थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की। दिवंगत सत्यवीर सिंह मूल रूप से अलावलपुर गांव, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी थे। वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत एएसआई सत्यवीर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सत्यवीर सिंह ने अपने सेवा काल में ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और वे हमेशा अपने सहयोगियों के बीच एक सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी और समर्पित कर्मी को खो दिया है। परिवार, मित्रों और सहकर्मियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।











