दुखद हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, उत्तराखंड पुलिस के दरोगा की मौत

2

 

देहरादून। बदरीनाथ ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक (एसआई) विनोद शर्मा की मौत हो गई। उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआई विनोद शर्मा थाना मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे। वह देर रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई से वाहन और शव को बाहर निकाला। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन किस कारण अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। घटना के बाद पुलिस विभाग तथा स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

एसआई विनोद शर्मा भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं शुरू कीं। अपने कार्यकाल के दौरान वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके थे। बताया जा रहा है कि उनके भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। विनोद शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे। इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।