दून बार एसोसिएशन का चुनाव परिणाम घोषित, अनिल अध्यक्ष, बिष्ट बने सचिव

2

 

देहरादून। दून बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अनिल कुकरेती अध्यक्ष और अजय बिष्ट सचिव चुने गए हैं। आज शाम को घोषित हुए चुनाव परिणामों के अनुसार, दोनों पदों पर कड़ा मुकाबला रहा। अनिल कुकरेती को 1007 मत मिले। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी राजीव शर्मा बंटू (925 मत) को 82 वोटों के अंतर से पराजित किया। पिछली कार्यकारिणी में अध्यक्ष रहे मनमोहन कंडवाल को 844 मत मिले। सचिव पद पर अजय बिष्ट ने 1359 मत हासिल कर प्रकाश टी. पाल (1187 मत) पर बढ़त बनाकर जीत दर्ज की।

कार्यकारिणी के अन्य पदों में कोषाध्यक्ष राजीव कुमार 1588 मत हासिल करके विजयी रहे। उनके मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी ललित भंडारी को 1298 मत मिले।

महिला उपाध्यक्ष ने दर्ज की दमदार जीत
कार्यकारिणी में पुरुष और महिला उपाध्यक्ष भी चुने गए हैं, जिसमें नतीजों में दिलचस्प आंकड़ा देखने को मिला। जहां विनोद कुमार सागर ने 918 मतों के साथ उपाध्यक्ष पद जीता, वहीं लता राणा ने 1544 मतों से उपाध्यक्ष पद जीतकर अपनी लोकप्रियता साबित की।

पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर सुभाष परमार ने 1204 मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त सचिव पद पर कपिल अरोड़ा 961 मतों से विजयी रहे। थ्री प्लस कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष सिंह गुंसाई (640 मत) चुने गए।

फाइव प्लस कार्यकारिणी सदस्य पद पर रमन शर्मा (1171) विजयी रहे। सेवन प्लस कार्यकारिणी सदस्य पद पर आरती (915) का चयन हुआ।

टेन प्लस कार्यकारिणी सदस्य दीपक कुमार त्यागी (1528) निर्वाचित हुए। थ्री प्लस (महिला) कार्यकारिणी सदस्य पद पर जुगनू रानी ने सबसे अधिक 2299 मत प्राप्त किए।