प्रमुख साहब का गैस एजेंसी में औचक निरीक्षण
देहरादून। ईरान इजराइल के बीच तनाव के चलते देशभर में गैस किल्लत बनी हुई है। कई एजेंसी संचालक एवं डिलीवरी बॉय भी इस किल्लत का भरपूर फायदा उठा रहे हैं। लेकिन प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के कारण लोगों को राहत मिल रही है। सामान्य उपभोक्ताओं के साथ ही शादी सीजन को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए सोमवार को ब्लॉक प्रमुख परवीन पुरोहित ने इंडियन गैस एजेंसी थराली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एजेंसी में उपलब्ध गैस सिलेंडरों का स्टॉक चेक किया और मौके पर मौजूद स्थानीय जरूरतमंद नागरिकों को गैस सिलेंडर उपलब्ध भी कराए।
निरीक्षण के बाद ब्लॉक प्रमुख परवीन पुरोहित ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) चमोली से दूरभाष पर वार्ता कर थराली गैस एजेंसी में पर्याप्त मात्रा में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की।उन्होंने स्पष्ट कहा कि शादी के इस व्यस्त सीजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
पुरोहित ने कहा कि जिन परिवारों में शादी समारोह आयोजित होने हैं, वे उप जिला अधिकारी (एसडीएम) थराली से संपर्क कर शादी का कार्ड के साथ एप्लिकेशन दें। प्रशासन से अनुमति लेकर ऐसे परिवारों को कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके साथ ही गैस एजेंसी को निर्देशित किया गया कि कम से कम 50 कमर्शियल सिलेंडर हर समय स्टॉक में रखें, ताकि अचानक बढ़ी मांग को तुरंत पूरा किया जा सके।
ब्लॉक प्रमुख परवीन पुरोहित ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि शादी के इस सीजन में किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना नहीं करने दिया जाएगा। पुरोहित के इस कदम से स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि अब गैस की किल्लत से जूझना नहीं पड़ेगा।













