प्रेमी के प्यार में पागल महिला ने पति को पिलाया जहर, अस्पताल में भर्ती 

5

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने महिला और उसकी बहन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना पटेलनगर पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी निवासी मौकम सिंह ने बताया कि उनके बेटे की शादी लगभग छह साल पहले शिल्पा नाम की महिला से हुई थी। शादी के बाद दंपती देहरादून के सेवलाकलां क्षेत्र स्थित चंद्रबनी की पार्वती विहार कॉलोनी में रहने लगे थे।
शादी के शुरुआती सालों में दोनों का जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोप है कि महिला का पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पति को इस संबंध की जानकारी हुई तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे।परिजनों के मुताबिक एक दिन विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने गुस्से में आकर अपने पति की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। अचानक हुए इस हमले से पति कुछ समझ ही नहीं पाया और महिला मौके से फरार हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला करीब दो सप्ताह तक अपने प्रेमी के साथ दिल्ली और हरिद्वार में अलग-अलग स्थानों पर रही। इस दौरान उसने न तो अपने पति से संपर्क किया और न ही परिवार से। कुछ समय बाद जब वह वापस घर लौटी तो पति-पत्नी के बीच विवाद फिर से शुरू हो गया।आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपनी बहन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत पानी में जहर मिलाकर पति को पिला दिया गया। जहर मिला पानी पीते ही युवक की हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों और पड़ोसियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज दून अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित के होश में आने और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला और उसकी बहन के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला के कथित प्रेमी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है और जरूरत पड़ने पर उससे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।