कैंट विधानसभा में बैसाखी महोत्सव उत्साह, उल्लास और लोक संस्कृति के रंगों के साथ संपन्न
देहरादून। राजधानी देहरादून में कैंट विधानसभा क्षेत्र के बल्लीवाला क्षेत्र स्थित वेडिंग पॉइंट में आयोजित भव्य बैसाखी महोत्सव 2026 हर्षोल्लास, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विविधता के रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सपरिवार सहभागिता कर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक मंगलध्वनि एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद पंजाबी लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंजाबी लोक गीतों की मधुर प्रस्तुतियां और भांगड़ा एवं गिद्धा जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों ने पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। पौराणिक थीम एवं सांस्कृतिक झलकियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। बैसाखी पर्व की खुशियों को साझा करते हुए उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया और पूरा परिसर उमंग और उल्लास से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बैसाखी का पर्व खुशहाली, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक है, और इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमारी परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा में इस प्रकार का सांस्कृतिक समागम क्षेत्र की एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी।राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है और इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर उत्तराखंड युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया एवं प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर द्वारा सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी व राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ राकेश भट्ट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में गरिमा मेहरा दसौनी, चरनजीत कौशल, संगीता गुप्ता, संगीत गुप्ता, पिया थापा, मोहन काला, मोहित मेहता, अमृता कौशल, स्वाति नेगी, व अनेक पार्षद, पूर्व पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष एवं कैंट विधानसभा के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।












