लग्जरी वाहनों से शराब तस्करी, 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Astitva Times Desk
2 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड के आबकारी विभाग ने शराब तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के वाहनों से चंडीगढ़ मार्का की कुल 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। तस्कर इस शराब को चंडीगढ़ से सस्ती दरों पर खरीदकर उत्तराखंड में शादी और अन्य समारोहों में बेचने के लिए ला रहे थे।

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि शराब को छिपाने के लिए तस्करों ने वाहनों में खास इंतजाम किए थे। अवैध शराब को छुपाने के लिए दोनों वाहनों में सीटों के नीचे और दरवाजों के पीछे गुप्त कैबिन (Secret Cavities) बनाए गए थे। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से विभाग की मुस्तैदी का पता चलता है। विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो वाहनों में भारी मात्रा में शराब तस्करी कर चंडीगढ़ से ऋषिकेश लाई जा रही है।

तीन पानी फ्लाईओवर के पास कार्रवाई
सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने तीन पानी फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर से घेराबंदी करके वाहनों को रोक लिया। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से अंग्रेजी शराब की 300 अवैध बोतलें बरामद हुईं। इन बोतलों पर स्पष्ट रूप से ‘सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ लिखा हुआ था, जो तस्करी की पुष्टि करता है।
कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों में केवल चालक ही सवार थे। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील सिंह निवासी ऋषिकेश एवं राहुल डोभाल निवासी देहरादून के रूप में की है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!