कई छात्राओं की लिखित शिकायत को बताया गंभीर मामला, निष्पक्ष जाँच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की उठाई माँग
देहरादून। राजधानी देहरादून के समर वैली पब्लिक स्कूल में छात्राओं के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़छाड़ तथा शिकायत के बाद स्कूल निदेशक द्वारा एक छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी मामले को लेकर शनिवार को उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर छात्राओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की माँग को जोरदार तरीके से उठाया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पीसीसी सदस्य तथा प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट ने मामले की गंभीरता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सामने आई जानकारी के अनुसार 15 छात्राओं द्वारा लिखित शिकायत दिया जाना बेहद गंभीर विषय है। इस मामले को किसी भी स्तर पर हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनना, उनकी गरिमा बनाए रखना और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण और सुरक्षित शिक्षा के केंद्र होते हैं। ऐसे संस्थानों में यदि छात्राएं ही असुरक्षित महसूस करने लगें तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। छात्राओं द्वारा की गई शिकायतों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जाँच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके और किसी भी दोषी को संरक्षण न मिल पाए। उन्होंने प्रमुखता से माँग उठाई कि शिकायतकर्ता छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन पर किसी भी प्रकार का दबाव, डर या समझौते के लिए मजबूर करने जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। साथ ही, जाँच के दौरान छात्राओं की पहचान और निजता की पूरी सुरक्षा की जाए। यदि जाँच में शिक्षक अथवा विद्यालय प्रबंधन से जुड़े किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता प्रमाणित होती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुँचे नगर मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों को मामले की निष्पक्ष जाँच कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि आश्वासन केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि पीड़ित छात्राओं को वास्तविक न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएँ।
विनीत प्रसाद भट्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्राओं की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी विद्यालय, संस्था या प्रभावशाली पद पर बैठे व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं, बेटियों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। समर वैली स्कूल का यह प्रकरण केवल एक विद्यालय तक सीमित मुद्दा नहीं है, बल्कि यह पूरे शिक्षा तंत्र में बच्चों की सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने का सवाल है। विद्यालयों में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जहाँ प्रत्येक छात्रा बिना किसी भय, दबाव और असुरक्षा के अपनी शिक्षा पूरी कर सके तथा अपनी शिकायत खुलकर रख सके।
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के सवाल पर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। जब तक शिकायतों की निष्पक्ष जाँच और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक इस मुद्दे पर आवाज उठाई जाती रहेगी। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिना किसी राजनीतिक या संस्थागत दबाव के जाँच कराई जाए और छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएँ।

