जबरदस्ती ज़मीन कब्जाने के मामले में भू -माफिया समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

56

 

देहरादून। राजधानी में एक भू-माफिया के बेटे और उसके साथियों द्वारा एक व्यक्ति की पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करते हुए तारबंदी के काम को रोकने का मामला सामने आया है। साथ ही पीड़ित व्यक्ति पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया है। हमलावरों ने पीड़ित के टेंट को ट्रैक्टर से रौद दिया और रजाई -गद्दों में आग लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने आठ आरोपित हमलावरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पटेलनगर पुलिस के अनुसार मामले में रतनपुर शिमला बाईपास के रहने वाले कलम सिंह ने शिकायत दी है। कलम सिंह के अनुसार स्थानीय भू -माफिया विनोद बहुगुणा के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी के कई मुकदमे चल रहे है और वह फरार है। विनोद का बेटा हर्षवती नंदन बहुगुणा काफी समय से उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इस विवादित भूमि के संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी। जिसकी जांच विकासनगर प्रशासन ने की थी। जांच से संतुष्ट न होने पर उसकी मांग पर मुख्य सचिव के निर्देश पर एडीएम स्तर के अधिकारी द्वारा जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार जमीन उसके नाम पर पाई गई। इसके बाद उसने अपनी जमीन पर तारबंदी का काम शुरू कर दिया।

तारबंदी का काम शुरू होते ही हर्षवती नंदन बहुगुणा और उसके साथियो ने मौके पर आकर जबरन काम रुकवा दिया। अपनी जमीन बचाने के लिए मजबूर होकर वह और उसके कई साथी पिछले तीन दिन और रात से वहीं टेंट डालकर रह रहे थे। सात दिसम्बर को हर्षवती नंदन बहुगुणा, अपनी माँ दीना बहुगुणा, मीना शर्मा और अन्य साथियो के साथ मौके पर आया। उसका साथी राहुल रावत अपने साथ 30 -40 लोगों को लेकर आया था। इनमें ललित श्रीवास्तव, सूरज, सलमान अली, अमन नेगी सहित अन्य कई लोग शामिल थे। लाठी डंडे और धारदार हथियार लेकर आए यह लोग जबरदस्ती तारबंदी को तोड़ने की कोशिश करने लगे। जब उसने और उसके साथियों ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने घर में घुसकर साढ़े चार लाख की लूटने के साथ ही उसका भी पैर तोड़ दिया। हमले में उसके साथी राजकुमार, नरेंद्र, विशाल, उत्कर्ष और अमित कुमार को गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर टैटों को तोड़ दिया और रजाई -गद्दों में आग लगा दी। साथ ही उसके बेटे नरेंद्र गला घोंटकर उसे जान से मारने की भी कोशिश की गई। सबसे गंभीर चोटें विशाल को आईं, जिसके ऊपर हर्षवती नंदन बहुगुणा ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया ट्रैक्टर की टक्कर से विशाल की पसलियों, पीठ और सिर में गंभीर चोटें आई है। घायलो का मेडिकल कोरोनेशन अस्पताल देहरादून में कराया गया। पीड़ित के अनुसार उसके जानने वाले ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है। पीड़ित कलम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आठ आरोपितो को नामजद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।