दून में दिन निकलते ही फायरिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की मौत

6

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मसूरी रोड पर दो कार सवारों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली एक मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को लग गई, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो कार सवारों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायर पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।