धर्मपुर कांग्रेस के स्थानीय दावेदारों की प्रीतम से मुलाकात; पार्टी स्थानीय कार्यकर्ता को बनाए उम्मीदवार

Astitva Times Desk
6 Min Read

पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह के सामने रखी मांग—धर्मपुर का नेतृत्व धर्मपुर के स्थानीय कार्यकर्ता को मिले, बाहरी उम्मीदवार थोपने से जीत की संभावनाओं पर पड़ सकता है विपरीत असर

देहरादून। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी देहरादून की धर्मपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भीतर स्थानीय नेतृत्व को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे स्थानीय नेताओं ने अब एकजुट होकर अपनी दावेदारी और मांग को मजबूती से पार्टी नेतृत्व के सामने रखना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कांग्रेस दावेदारों ने पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह से मुलाकात कर संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पूरण सिंह रावत, सुरेन्द्र रांगड, रमेश कुमार मंगू, ओमप्रकाश सती (बब्बन) एवं एडवोकेट संदीप चमोली ने एकजुटता के साथ अपनी बात रखते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में धर्मपुर से किसी स्थानीय और संघर्षशील कार्यकर्ता को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाए जाने की पुरजोर मांग उठाई।

बाहरी उम्मीदवार थोपने से बढ़ सकती है संगठन में नाराजगी, जीत की संभावनाओं पर भी पड़ सकता है असर!
मुलाकात के दौरान स्थानीय दावेदारों ने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दे की ओर पार्टी नेतृत्व का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि धर्मपुर विधानसभा में लंबे समय से पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं और दावेदारी को नजरअंदाज करना संगठन के हित में नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर किसी बाहरी उम्मीदवार को थोपा जाता है तो इससे जमीनी स्तर पर काम कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं में निराशा और असंतोष पैदा हो सकता है। इसका सीधा असर चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह पर पड़ने की आशंका है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस की चुनावी संभावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशी घोषित करने से नहीं जीते जाते, बल्कि चुनाव जीतने के लिए मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनता के बीच विश्वसनीय नेतृत्व जरूरी होता है। यदि कार्यकर्ताओं को ही सम्मान और भागीदारी नहीं मिलेगी तो उनसे पूरे उत्साह के साथ चुनावी संघर्ष की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?

वर्षों का संघर्ष नजरअंदाज हुआ तो कार्यकर्ताओं के मनोबल को लगेगी ठेस
स्थानीय नेताओं ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा में कांग्रेस के अनेक ऐसे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने विपरीत राजनीतिक परिस्थितियों में भी तमाम प्रलोभन एवं दबाव के बावजूद पार्टी का झंडा बुलंद रखा है। जब पार्टी कमजोर दौर से गुजर रही थी, तब भी इन कार्यकर्ताओं ने मैदान नहीं छोड़ा और लगातार जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया। ऐसे में अब जब विधानसभा चुनाव की तैयारियों का समय नजदीक आ रहा है, तब पार्टी को उन लोगों के योगदान और समर्पण का सम्मान करना चाहिए, जिन्होंने वर्षों तक संगठन की मजबूती के लिए अपना समय और मेहनत लगाई है।

धर्मपुर की राजनीतिक परिस्थितियों को समझने वाला ही हो प्रत्याशी
दावेदारों का कहना है कि स्थानीय व्यक्ति क्षेत्र की सामाजिक, राजनीतिक और भौगोलिक परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझता है। उसे जनता की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और कार्यकर्ताओं की वास्तविक स्थिति का अनुभव होता है। इसलिए स्थानीय नेतृत्व को अवसर देना केवल कार्यकर्ताओं के सम्मान का विषय नहीं, बल्कि धर्मपुर में कांग्रेस की चुनावी रणनीति और जीत की संभावनाओं से भी जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपेक्षा जताई कि प्रत्याशी चयन के समय केवल व्यक्तिगत समीकरणों के बजाय स्थानीय जनाधार, संगठन के प्रति समर्पण, संघर्ष का इतिहास और कार्यकर्ताओं की स्वीकार्यता को प्राथमिकता दी जाए।

एकजुटता में छिपा है बड़ा राजनीतिक संदेश!
इस मुलाकात का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि अलग -अलग दावेदारी रखने वाले सभी स्थानीय नेताओं ने व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर स्थानीय नेतृत्व के साझा मुद्दे पर एकजुटता दिखाई। सभी का स्पष्ट संदेश रहा कि धर्मपुर में कांग्रेस की मजबूती के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और उन्हें नेतृत्व का अवसर देना बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व स्थानीय नेताओं की इस सामूहिक आवाज और जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को कितनी गंभीरता से लेता है।

धर्मपुर में स्थानीय दावेदारों की मांग को महज टिकट की दावेदारी समझना उचित नहीं होगा। यह वर्षों से संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं के सम्मान, संगठन में उनकी भागीदारी और आगामी चुनाव में कांग्रेस की मजबूती से जुड़ा सवाल है। बाहरी उम्मीदवार के चयन से संभावित असंतोष को नजरअंदाज करना पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से नुकसानदेह साबित हो सकता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!