पंचायत चुनाव: HC में याचिका पर सुनवाई के बाद खुली सरकार की पोल: शर्मा

17

पंचायत चुनाव: HC में याचिका पर सुनवाई के बाद खुली सरकार की पोल: शर्मा

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण के मानकों पर भाजपा सरकार ने खेल किया और इसका नतीजा रहा कि मामला नैनीताल उच्च न्यायालय गया और फिलहाल पंचायत चुनाव स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस याचिका की सुनवाई के बाद भाजपा सरकार की पोल खुलकर सामने आ गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कहना है साल 2011 की जनगणना के हिसाब से आरक्षण 33 फीसदी था, लेकिन भाजपा सरकार ने आगामी पंचायत चुनाव के चलते आरक्षण 50 फीसदी कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे में मामला एक याचिका पर हाइकोर्ट गया और सुनवाई में चुनाव स्थगित कर दिया।

कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार आरक्षण को अपने हिसाब से तय करके चुनाव करा रही थी, जिससे चुनाव पर जीत दर्ज की जा सके। उनका कहना है कि भाजपा सरकार ने इस चुनाव को प्रभावित करने के लिए पहले ही हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए थे।

उन्होंने कहा कि इस याचिका की सुनवाई के बाद भाजपा सरकार की पोल खुलकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह सारा खेल सत्ताधारी दल को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से किया गया है, जिसके कारण राज्य के ग्रामीण मतदाताओं में आक्रोश है और इससे प्रभावित लोगों ने जो आपत्तियां दाखिल की हैं और उनका निस्तारण किए बगैर ही सरकार ने अंतिम आरक्षण जारी कर दिया और जिस पर अब राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव करवा रहा था जो पूर्ण रूप से गलत है।

उन्होंने कहा कि कि अधिकांश जनपदों में अभी तक मतदाता सूचियां उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं। जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि नियमों के तहत और निष्पक्ष तरीके से पंचायत के चुनाव कराएं जाएं।

ललित फर्स्वाण निभाएंगे समन्वयक की भूमिका
पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, विधायक वीरेंद्र जाती, लखपत बुटोला, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद और सूर्यकांत धस्माना समेत 12 लोग बनाए गए प्रभारी

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने आगामी पंचायत चुनावों के लिए प्रदेश के 12 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस संबंध में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉक्टर हरक सिंह रावत और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा और रणनीति तय की गई।

बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी पंचायत चुनावों को गंभीरता से लड़ने जा रही है। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष पद के लिए मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएंगे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत से उनके समर्थन में काम करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने पंचायत चुनावों की शुरुआत ही बेईमानी से की है। उन्होंने कहा कि पंचायतों का आरक्षण रोस्टर शून्य कर दिया गया, जो पूरी तरह असंवैधानिक और पंचायत राज अधिनियम का उल्लंघन है। जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, क्षेत्र पंचायत प्रमुख व सदस्य तथा ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के आरक्षण का अलग-अलग आधार रखा गया है, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला भाजपा सरकार की हार के डर को दर्शाता है। भाजपा सरकारी मशीनरी और बाहुबल का दुरुपयोग कर चुनावों को प्रभावित करना चाहती है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस को पूरी ताकत से अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार इस चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करेगी, इसलिए पार्टी को सतर्क रहना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि ग्रामीण जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पौड़ी जिले में आरक्षण में हुई धांधली पर जब उन्होंने जिलाधिकारी से सवाल किया तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि आरक्षण के खिलाफ कई आपत्तियां उच्च न्यायालय में लंबित हैं, जिनकी सुनवाई 24 जून को होगी। इसके बावजूद पार्टी को अपनी तैयारी पूरी रखनी होगी।

बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस ग्राम पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक सभी चुनावों में पूरी ताकत लगाएगी और पार्टी का परचम लहराएगी। पूर्व मंत्री डॉक्टर हरक सिंह रावत ने सुझाव दिया कि जिला स्तर के साथ-साथ विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी प्रभारी और समन्वयक नियुक्त किए जाएं, ताकि चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं को पूरा सहयोग मिल सके।

पार्टी ने किए जिला प्रभारियों की घोषणा
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य के सभी 12 जिलों के लिए जिला प्रभारी नियुक्त किए हैं।

चंपावत: महेंद्र सिंह पाल (पूर्व सांसद)
बागेश्वर: महेंद्र सिंह लूंठी
अल्मोड़ा: धीरेन्द्र प्रताप
पिथौरागढ़: भगीरथ भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष)
नैनीताल: संजीव आर्या (पूर्व विधायक)
उधम सिंह नगर: रणजीत सिंह रावत (पूर्व विधायक)
टिहरी: सूर्यकांत धस्माना (प्रदेश उपाध्यक्ष)
उत्तरकाशी: मंत्री प्रसाद नैथानी (पूर्व मंत्री)
रुद्रप्रयाग: विक्रम सिंह नेगी (विधायक)
देहरादून: वीरेंद्र जाती (विधायक)
चमोली: प्रदीप थपलियाल
पौड़ी: लखपत बुटोला (विधायक)

धस्माना ने बताया कि पार्टी जल्द ही विधानसभा स्तर पर भी समन्वयकों की नियुक्ति करेगी, जो जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मिलकर चुनावी समन्वय का कार्य देखेंगे।