देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद महेन्द्र भट्ट ने रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ से ज़बाब तलब और उनके द्वारा घटना के लिए माफी मांगे जाने के बाद, सभी से इस प्रकरण को अनावश्यक तूल नहीं देने का आग्रह किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, इस प्रकार की घटनाओं में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को संयम रखने की जरूरत है। फिलहाल मुकदमा दर्ज है और कानूनी कार्रवाई को समय दिए जाने की आवश्यकता है। वहीं विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों द्वारा अधिकारी से मारपीट की गई, लेकिन आज तक माफी नहीं मांगी, हम तो स्पष्टतः ऐसी घटनाओं की भर्त्सना करते हैं।
बलबीर रोड़ स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों का ज़बाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि इस प्रकरण को पार्टी ने पूरी गंभीरता से लिया है, जिसके बाद विधायक उमेश शर्मा काऊ ने उनके सामने अपना पक्ष रखा है। जिसमें उनके द्वारा घटना को लेकर खेद भी जताया गया। फिलहाल विधायक द्वारा समर्थकों के साथ शिक्षा अधिकारी के साथ हुई घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली गई है। मुझे लगता है, अब इस मुद्दे पर अनावश्यक चर्चा या तूल देने से सभी को बचना चाहिए।
भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह के उपद्रव, अराजकता या अशोभनायीय व्यवहार के पक्ष में नहीं है, चाहे वह जनप्रतिनिधि हो, पार्टी पदाधिकारी हो, कार्यकर्ता हो या अन्य कोई व्यक्ति। वहीं अधिकारी कर्मचारियों को भी ध्यान रखना चाहिए कि वे जनप्रतिनिधियों से किस तरह का व्यवहार करें। यह हमारी देवभूमि है और इस तरह का कोई भी व्यवहार न राजनैतिक दलों को स्वीकार है और न ही समाज इसे स्वीकार करता है, लिहाजा सभी को संयम रखना चाहिए। अब चूंकि पूरे मामले को लेकर एफआईआर भी दर्ज हो गई है, लिहाजा कानूनी प्रक्रिया को समय दिए जाने की जरूरत है।










