भारतीय सेना का आपरेशन सिन्दूर, आधी रात पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमला

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर अंदर 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए. तीनों सेनाओं ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने प्रमुख निशाने पर थे.

एजेंसी
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से करीब 15 दिनों तक इंतजार करने के बाद मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को भारतीय सेना ने रात करीब दो बजे के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 9 आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए. सबसे बड़ी बात यह है कि जब पूरा पाकिस्तान आधी रात को सो रहा था, तब भारतीय सेना ने अपने मिसाइल से पाकिस्तानी बॉर्डर से करीब 100 किलोमीटर अंदर तक हमला किया।

तीनों सेनाओं ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को दिया अंजाम
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि भारतीय सेना की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सफलतापूर्वक निशाना बनाए गए 9 ठिकानों में से चार पाकिस्तान में और पांच पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हैं. पाकिस्तान में स्थित ठिकानों में मुजफ्फराबाद, कोटली, सियाल कोट, चाक अमरू, भिंबर, मुरीदके, बहावलपुर और गुलपुर शामिल हैं. आतंकी शिविरों को निशाना बनाने के लिए विशेष सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया. तीनों सेनाओं ने संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया. भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा नियंत्रण रेखा के निकट पाकिस्तानी ठिकानों पर सटीक निशाना साधा गया।

लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर निशाना
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय सेना ने भारत में आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित करने में उनकी भूमिका के लिए जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने के इरादे से हमलों के लिए स्थान का चयन किया था. रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलों में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की तीनों सेनाओं की सटीक हमला करने वाली हथियार प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया. इसमें लोइटरिंग हथियार भी शामिल थे।

पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों पर हमलों के निर्देशांक खुफिया एजेंसियों की ओर से मुहैया कराए गए थे. हमले भारतीय धरती से ही किए गए. भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला किया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई. ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कई ठिकानों पर हमले भारतीय सेना और वायु सेना द्वारा सटीक हमला करने वाले हथियारों का इस्तेमाल करके एक संयुक्त अभियान था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!