देहरादून/मुरादाबाद। उत्तराखंड से दिल्ली के लिए निकले पांच दोस्तों के लिए आज का दिन काल बनकर आया। मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली- लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में चार दोस्तों की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की वजह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर बतायी जा रही है।
मुरादाबाद जिले के थाना मूंढापांडे एसएचओ मोहित कुमार ने बताया कि क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली -लखनऊ नेशनल हाईवे पर कार और ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के भिड़ंत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि चार युवक अचेत थे. एक युवक गंभीर रूप से घायल था. आनन फानन में सभी को सामुदायिक केंद्र पहुंचाया गया जहां डाॅक्टर ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप रूप से घायल युवक को मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी के रहने वाले पांच युवक कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे. मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास कार सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ गई. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ. चलते वाहन में चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई. ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर ली है. मृतकों में- अनिल नेगी, निवासी हल्द्वानी, सुंदर सिंह, निवासी हल्द्वानी, भुवन भंडारी, निवासी हल्द्वानी, दयाल सिंह, निवासी हल्द्वानी जबकि घायल युवक का नाम यशदीप पांडे, निवासी हल्द्वानी बताया गया है।











