लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिस प्रशासन में फेरबदल किया है। राज्य में कानून- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में गृह विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जिलों के पुलिस कप्तानों तक के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती दी गई है।


तबादला सूची के अनुसार—
सुजीत पांडे को डीजी फायर सर्विसेज बनाया गया है। प्रवीण कुमार को एडीजी लखनऊ जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि के. एस. इमानुएल को डीजीपी का जीएसओ नियुक्त किया गया है।
विनोद कुमार सिंह को आईजी पुलिस अकादमी मुरादाबाद बनाया गया है।
कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत भी कई बदलाव हुए हैं। आलोक प्रियदर्शी को अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी कमिश्नरेट और राजकरण नैय्यर को अपर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद कमिश्नरेट बनाया गया है।
कानपुर कमिश्नरेट में संकल्प शर्मा और विपिन टाडा को संयुक्त पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
रेंज स्तर पर सोमेन बर्मा को डीआईजी अयोध्या रेंज नियुक्त किया गया है। वहीं अभिषेक यादव को डीआईजी एटीएस लखनऊ और आशीष तिवारी को डीआईजी टेक्निकल सर्विसेज लखनऊ बनाया गया है। प्रताप गोपेंद्र यादव को डीआईजी यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलों में नए पुलिस कप्तान
जिला स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। कुंवर अनुपम सिंह को एसपी जौनपुर, डॉ. ख्याति गर्ग को एसपी लखीमपुर खीरी, यशवीर सिंह को एसपी बस्ती और चारू निगम को एसपी सुल्तानपुर नियुक्त किया गया है।
अभिनंदन को एसएसपी सहारनपुर, डॉ. कौस्तुभ को एसएसपी गोरखपुर और अविनाश पांडे को एसएसपी मेरठ बनाया गया है।
इसके अलावा अपर्णा रजत कौशिक को एसपी मिर्जापुर, रवि कुमार को एसपी रायबरेली, सुकृति माधव को एसपी पीलीभीत और सर्वानन टी को एसपी अमेठी की कमान सौंपी गई है।
अनुकृति को अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह तबादले आगामी चुनौतियों, कानून-व्यवस्था की मजबूती और बेहतर पुलिसिंग को ध्यान में रखकर किए गए हैं। सरकार का फोकस फील्ड पोस्टिंग को अधिक प्रभावी बनाने और संवेदनशील जिलों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती पर है।
माना जा रहा है कि इन तबादलों के बाद प्रदेश की पुलिस व्यवस्था में और अधिक सक्रियता और मजबूती देखने को मिलेगी।









