देहरादून। राजधानी के मच्छी बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। सरेआम चापड़ से हमला कर एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान गुंजन उर्फ गुन्नु श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपित ने युवती को बीच सड़क पर बाहर बुलाया और भीड़ के बीच ही उस पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे, जबकि आक्रोशित भीड़ ने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया। सबसे गंभीर पहलू यह है कि मृतका ने घटना से दो दिन पहले खुदबुड़ा चौकी में आरोपित के खिलाफ धमकी देने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद वह खुला घूमता रहा और अंततः इस जघन्य अपराध को अंजाम दे गया। इस लापरवाही को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोमवार सुबह आरोपित आकाश कुमार (27) चापड़ लेकर युवती के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। उस समय पूरा बाजार खुला हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपित ने पहले वार में युवती के गले पर चापड़ से हमला किया, जिसे उसने हाथ आगे कर रोकने की कोशिश की, जिससे उसकी उंगली कट गई। इसके बाद दूसरे वार में गले पर गहरा घाव लगा। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया। युवती को दून अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में भर्ती किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। कुछ समय बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
इलाके में तनाव, बाजार बंद
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख मच्छी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।आरोपित गिरफ्तार, चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर
शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह एक बच्चे का पिता है और पिछले 3–4 दिनों से युवती का पीछा कर रहा था। मामले में लापरवाही बरतने पर खुदबुड़ा चौकी प्रभारी प्रद्युम्न नेगी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बावजूद समय रहते कार्रवाई न होना एक युवा जान पर भारी पड़ गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, वहीं शहर में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।












