देहरादून। राजधानी देहरादून के शिमला बाईपास चौक पर सड़क पार करते समय एक महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज आईएसबीटी चौकी को सूचना मिली कि शिमला बाईपास चौक पर एक महिला ट्रक की चपेट में आ गई है। सूचना मिलते ही चौकी आईएसबीटी से पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान मुर्शिदुल निशा (55 वर्ष) पत्नी मोहम्मद कमर, निवासी बंसल होम, शिमला बाईपास, पटेलनगर के रूप में हुई है। वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।











