राजेन्द्रनगर वासियों को नवनिर्मित पार्क की सौगात, पार्षद वोहरा एवं लालचंद शर्मा ने किया उद्घाटन

5

 

देहरादून। राजधानी देहरादून की कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 32, बल्लूपुर स्थित स्ट्रीट नंबर 3, राजेंद्र नगर में नव विकसित पार्क का भव्य उद्घाटन पार्षद कोमलदीप वोहरा एवं कांग्रेस पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा द्वारा क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। यह पार्क लंबे समय से राजेंद्र नगर क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल था। स्थानीय निवासियों द्वारा बार-बार उठाई गई आवश्यकता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यकारी संस्था नगर निगम देहरादून ने इस “ड्रीम प्रोजेक्ट” को प्राथमिकता देते हुए सफलतापूर्वक पूर्ण किया। पार्क के विकसित होने से अब क्षेत्र के बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा, जहां वे प्रातः और सायं सैर, योगाभ्यास तथा अन्य सामाजिक गतिविधियां कर सकेंगे।

पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि किसी भी विकास कार्य की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। स्थानीय निवासियों के सहयोग और समर्थन से ही इस परियोजना को साकार किया जा सका है। उन्होंने भविष्य में भी क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही।

उद्घाटन अवसर पर पार्षद कोमलदीप वोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि राजेंद्र नगर सहित पूरे वार्ड के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्क केवल सौंदर्यीकरण की परियोजना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामुदायिक सहभागिता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक ठोस पहल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीमा भाटिया, कमल कपूर, संजय शर्मा, मुकुल कुमार, रीता, सर्वेश, विक्की नायक, महेंद्र शर्मा, वीके गुप्ता, रावेंद्र, कवलजीत चड्ढा, त्रिपाठी, भट्टाचार्य, सचिन कुमार, गया प्रसाद, अनिल कुमार, सार्थक बत्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद क्षेत्रवासियों ने पार्षद कोमलदीप वोहरा एवं नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को गति मिलती रहेगी और राजेंद्र नगर क्षेत्र को एक आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।