रोचक होगा स्थल- मालदेवता जिला पंचायत सीट पर मुकाबला

4

 

देहरादून। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य 12 जिलों में पंचायत चुनाव का बिगुल बज गया है। चुनावी प्रक्रिया दो चरणों में पूर्ण होगी। देहरादून जिले के चकराता, कालसी एवं विकास नगर ब्लॉक में प्रथम चरण 24 जुलाई को मतदान होना है, जबकि सहसपुर, रायपुर एवं डोईवाला ब्लॉक में द्वितीय चरण यानी 28 जुलाई को मतदान होगा।

रायपुर ब्लॉक की अस्थल जिला पंचायत सीट पर इस बार भी मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। पिछली बार हुए जिला पंचायत के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी वीर सिंह चौहान ने जीत का परचम लहराया था। उनके प्रतिद्वंद्वी के रूप में चुनाव लड़े निर्दलीय प्रत्याशी किशन सिंह नेगी लगभग 190 वोटो से पिछड़ गए थे। अपने कार्यकाल के दौरान निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी, तो वहीं पिछले चुनाव में पिछड़ने के बाद किशन सिंह नेगी ने भी अपनी सक्रियता को और अधिक बढ़ाया। चुनाव के बाद किशन सिंह नेगी भाजपा में शामिल हो गए और क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य कार्यक्रम कराने के साथ ही तन मन धन से पार्टी की सेवा करते रहे। इस बार निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान और किशन सिंह नेगी दोनों ही भाजपा से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए टिकट के दावेदार हैं। देखना होगा कि भारतीय जनता पार्टी दोनों में से किस पर दांव लगाती है।

वहीं पिछली बार इस सीट को खाली छोड़ देने वाली कांग्रेस से भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रहे सूरत सिंह नेगी के पुत्र हर्षवर्धन सिंह नेगी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाने के लिए तैयार है। इस सीट से कांग्रेस पार्टी से अभी कोई और नाम सामने नहीं आया है। ऐसे में माना जा रहा है कि हर्षवर्धन नेगी ही इस सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी हो सकते हैं। नामांकन की तारीख आते आते एक दो और चौंकाने वाले चेहरे भी चुनावी मैदान को और रोमांचक बना सकते हैं।