वार्ड 78 में NAMASTE योजना के अंतर्गत सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम आयोजित

19

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के टर्नर रोड वार्ड स्थित सी-20 क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की NAMASTE योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC) द्वारा प्रायोजित तथा NITCON Limited द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरमपुर विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश कुमार मंगू रहे। उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कुसुम वर्मा भी उपस्थित रही। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं लाभार्थियों ने सहभागिता की।

मुख्य अतिथि रमेश कुमार मंगू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि यह लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं और महिलाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कुसुम वर्मा ने कहा कि सिलाई जैसे पारंपरिक कौशल को आधुनिक प्रशिक्षण और संसाधनों से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने इस पहल को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को “Specialized Sewing Machine Operator” के रूप में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जिससे वे स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि NAMASTE योजना का मुख्य उद्देश्य वंचित वर्गों को कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय सहायता के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना है। यह पहल न केवल रोजगार सृजन में सहायक है, बल्कि सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास को भी मजबूत करती है। उपस्थित क्षेत्रवासियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के समग्र विकास की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया।