सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर क्षेत्रवासियों संग DM कार्यालय पहुंचे बुटोला

5

 

चंद्रबनी वार्ड में रास्ता विवाद गरमाया: ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, अवरोध हटाने की मांग

देहरादून। चंद्रबनी वार्ड के अंतर्गत अमर भारती प्रभु कॉलोनी में सार्वजनिक रास्ते को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व पार्षद सुखवीर बुटोला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और रास्ते को तत्काल खुलवाने की मांग की।

पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला ने बताया कि कॉलोनी में आवाजाही के लिए छोड़े गए रास्ते को कुछ लोगों द्वारा अवरुद्ध किया जा रहा है। आरोप है कि एक परिवार द्वारा रास्ते पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और वहां बजरी डालकर आवागमन बाधित किया जा रहा है। साथ ही, लोगों को भड़काकर रास्ता बंद करने का प्रयास भी किया जा रहा है। बुटोला ने बताया कि एक अन्य परिवार द्वारा रास्ते पर टिन शेड का निर्माण किया गया है। इस संबंध में पहले ही मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) को सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ता बंद होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ते से सभी अवरोध हटाए जाएं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान राधेश्याम कश्यप, ओमप्रकाश, संजय, मनप्रीत सिंह, प्रदीप थापा, नितिन गुप्ता, आलोक कुमार, मनीष कुमार, अनिल ढकाल, सागर थापा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।