80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, यूपी से आई थी नशे की खेप

4

 

राजपुर पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई; 259 ग्राम स्मैक बरामद, स्थानीय तस्करों को सप्लाई की थी तैयारी

देहरादून। राजधानी देहरादून में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच राजपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने पुरकुल रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 259 ग्राम स्मैक के साथ 52 वर्षीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजपुर पुलिस और ANTF की टीम को पुरकुल रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति के नशीले पदार्थ की बड़ी खेप के साथ पहुंचने की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर टीम ने जंगल मंगल तिराहा, पुरकुल रोड के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 259 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राशिद पुत्र शमशाद, निवासी एमडीडीए कॉलोनी, केदारपुरम, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 52 वर्ष है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर सब्जी की ठेली लगाता था। पुलिस के अनुसार, जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह नशे के अवैध कारोबार में उतर गया।पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह सहारनपुर क्षेत्र से एक नशा तस्कर के माध्यम से स्मैक की खेप लेकर देहरादून आया था। उसकी योजना इस स्मैक को स्थानीय नशा तस्करों को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की थी।हालांकि, सप्लाई से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही उसके संपर्क में रहे नशा तस्करों की जानकारी जुटा रही है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सहारनपुर से स्मैक की खेप किससे ली गई थी और देहरादून में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सकती है। आरोपी के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पीडी भट्ट, चौकी प्रभारी कुठाल गेट उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित और ANTF कांस्टेबल गौरव शामिल रहे। नशे की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से साफ है कि पुलिस की नजर अब देहरादून में सक्रिय नशा सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों पर भी है।