दुखद : बस हादसे में 26 की जलकर मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

MS Malik
By
4 Min Read

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में देर रात भीषण हादसे से पूरा देश सहम उठा। यहां बुलढाणा में नागपुर से पुणे जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस जब समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर बुलढाणा के पास थी तभी बस पलट गई और इसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। बुलढाणा पुलिस के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि के मुताबिक, बस में 33 लोग सवार थे। जिनमें से 26 लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं, अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुलढाणा पुलिस के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने इसके बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह घटना देर रात करीब दो बजे की है। बस से 25 शव निकाले गए हैं। बस में कुल 33 लोग सवार थे। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

बस ड्राइवर का दावा- फट गया था टायर
इस हादसे में छह से आठ लोग घायल हैं। फिलहाल हादसे की सही वजहों का पता नहीं चल पाया है। घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। बस का ड्राइवर भी बच गया और उसने कहा कि टायर फटने के बाद बस पलट गई, जिससे बस में आग लग गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्क्षियों ने बताया कि बस पहले नागपुर से औरंगाबाद की ओर जाने वाले रास्ते पर दाहिनी ओर एक लोहे के खंभे से टकराई। जिसके बाद ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। इस दौरान बस रोड के बीच बने कंक्रीट के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि बस बायीं तरफ पलटी, जिससे बस का दरवाजा नीचे आ गया। ऐसे में उसमें सवार लोग बाहन नहीं निकल सके। बताया ये भी जा रहा है कि हादसे के दौरान बस से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया। डीजल फैलने के कारण ही बस में आग लग गई।

बस मालिक का आया बयान
बस के मालिक वीरेंद्र डारना ने इस घटना पर दुख जताते हुए बताया कि यह उनके परिवार की बस थी। इसे 2020 में लिया गया था। यह बस पूरी तरह से नई है, जिसके दस्तावेज पूरी तरह से ठीक हैं। बस के चालक के पास भी अच्छा अनुभव है। चालक के अनुसार बस का टायर फटने से बस डिवाइडर पर चढ़ गई और अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों ने आग पकड़ ली। हमारी सूची के मुताबिक बस में करीब 27 यात्री थे।

पीएम ने जताया शोक
बस दुर्घटना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा, “महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए PMNRF से दिए जाएंगे।”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!