आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार, देखें वीडियो

MS Malik
By
3 Min Read

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर खुलेआम पेशाब करने के आरोपी कथित भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है।वहीं इस मामले पर सियासत गरमा गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रवेश का वीडियो वायरल होने के बाद एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया था और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई थीं। बीती रात लगभग दो बजे आरोपी को उसके गांव के करीब से पुलिस ने दबोच लिया। थाने में लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

ज्ञात हो कि मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति जमीन पर बैठा है, जिसके करीब खड़ा व्यक्ति उस पर लघुशंका कर रहा है। इस दौरान यह भी नजर आ रहा है कि जमीन पर बैठा व्यक्ति दहशत में है, कुछ मानसिक विक्षिप्त भी प्रतीत हो रहा था। इस वीडियो के वायरल होने पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा था मेरे संज्ञान में सीधी जिले का एक वायरल वीडियो आया है। मैंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि अपराधी को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर एनएसए भी लगाया जाए।

वहीं, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश के सीधी जिले से एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने की क्रूरता का वीडियो सामने आया है। आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। पेशाब करने वाला व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है। इस घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि दोषी व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए और मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को समाप्त किया जाए।”

कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने भाजपा का एक पत्र टैग करते हुए ट्वीट किया था, जिसमें प्रवेश शुक्ला को भाजयुमो के मंडल कुधवाही का उपाध्यक्ष बताया गया है। इसके साथ ही युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. विक्रांत भूरिया ने इसे आदिवासी समाज का अपमान करार दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!