धर्मनगरी में अधर्म: महिला से रेप के बाद गंभीर घायल कर फरार हुआ दुष्कर्मी 

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के बाद आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी। साथ ही धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल पीड़िता को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सिडकुल की कंपनी में काम करती है। उसके पति का निधन हो चुका है। सहदेवपुर निवासी रजत पुत्र सतपाल उसे परेशान करता था। पीड़िता बाजार गई थी इसी दौरान रजत उसे किसी बहाने अपने कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। एसओ मनोहर भंडारी ने बताया कि आरोपी को तलाश किया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।

एम्स में भर्ती दुष्कर्म पीड़ित महिला की हालत नाजुक
हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़ित महिला पिछले दो दिन से एम्स में भर्ती है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि अभी तक वह बोलने की स्थिति में नहीं है जिससे घटना के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सके। पुलिस भी महिला के होश में आने और बयान देने का इंतजार कर रही है।

हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपी की तलाश तेज कर दी है। बताया गया कि आरोपी ने बेरहमी से महिला की आंखों में मिर्च झोंककर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं लोहे की रॉड से सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया। किसी तरह महिला के अचेतावस्था में चिल्लाने पर आसपास के लोगों को इसका पता चला। इसके बाद किसी व्यक्ति ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।

महिला के भाई ने सिडकुल पुलिस को बताया कि आरोपी सहदेवपुर निवासी रजत काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। कई बार उसके परिवार से बात की गई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। एसओ मनोहर भंडारी ने बताया कि पीड़िता के पति का पहले ही निधन हो गया था। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!