चोरी के शक में पकड़ी गई नाबालिग किशोरी ने फंदे से लटककर दी जान

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून के डोईवाला क्षेत्र के कुड़कावाला से एक दुखद घटना सामने आई है। सुसवा नदी के पास स्थित एक क्रेशर में एक नाबालिग कूड़ा बीनने वाली लड़की ने कथित रूप से फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही डोईवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेशर में काम करने वाले चार युवकों ने कथित तौर पर दो कूड़ा बीनने वाली लड़कियों को लोहे का कबाड़ उठाते देखा और उन्हें रोका। इनमें से एक लड़की भागने में सफल रही, जबकि दूसरी को उन्होंने एक कमरे में बैठा दिया। पुलिस को कॉल कर युवकों ने सूचना दी कि एक युवती चोरी करते हुए पकड़ी गई है और उसे उन्होंने कमरे में बंद किया है।

कुछ समय बाद उन्हीं युवकों ने पुलिस को फिर से फोन कर बताया कि युवती ने कमरे में फांसी लगा ली है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा कि नाबालिग लड़की एक कमरे में मृत अवस्था में लटकी मिली। बताया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे युवकों ने तोड़ा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच करवाई जा रही है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। मृतका का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, घटना स्थल पर स्थित क्रेशर को सील करने और संपत्ति को सुरक्षित करने के लिए तहसीलदार को रिपोर्ट भेजी गई है। मृतका के परिजन, जो कि केशव पूरी बस्ती के निवासी हैं, को सूचित कर तहरीर देने का अनुरोध किया गया है ताकि विधिक कार्यवाही की जा सके।

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा और गरिमा को लेकर भी गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!