मतदाता सूची में नाम छूटा है तो चिंता न करें, 8 अक्टूबर से विशेष अभियान

5

8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर मिलेंगे आवेदन, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
डीएम ने कहा—एक भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न रहे वंचित

देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद भी यदि किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है तो उसके लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। देहरादून जिले में 8 से 10 अक्टूबर तक बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रभावी निगरानी के साथ संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 8, 9 और 10 अक्टूबर को बूथ स्तर पर विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उन्हें नाम शामिल कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी और नियमानुसार आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों की जानकारी का सत्यापन करने के साथ आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रपत्रों की जांच की जाएगी। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों का नाम नियमानुसार निर्वाचन नामावली में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय रखा जाए। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ टेबल-टॉप बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान की प्रक्रिया और समय-सारणी की जानकारी सभी संबंधित पक्षों को स्पष्ट रूप से मिल सके।
उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों को भी उनके दायित्वों और अभियान की पूरी प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं। इससे बूथ स्तर पर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी की जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का उद्देश्य केवल नए नाम जोड़ना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना भी है। इसके लिए प्राप्त आवेदनों एवं फॉर्म-6 की नियमानुसार जांच की जाए और पात्रता के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर घर-घर सत्यापन तक अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। क्षेत्रवार और बूथवार निगरानी व्यवस्था मजबूत करते हुए प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा भी की जाए।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं और किसी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए इसकी शुद्धता के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मताधिकार के लिए निर्वाचन नामावली में स्थान मिले। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का आह्वान किया।