बिहार में ‘ डॉग बाबू’ का फोटोयुक्त निवास प्रमाण पत्र हुआ जारी, मचा हड़कंप

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

प्रमाण पत्र में ‘डॉग बाबू’ सन ऑफ ‘कुत्ता बाबू’, के नाम से जारी हुए प्रमाण पत्र में फोटो भी लगी हुई है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है

नई दिल्ली। बिहार में अक्सर कुछ न कुछ अजब-गजब होता रहता है। अब एक गजब और हो गया है। गजब यह हुआ है कि, बिहार में ‘कुत्ते’ का निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इस प्रमाण पत्र ने सभी को चौंका दिया है और यह इंटरनेट पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर इसके बारे में जमकर चर्चा हो रही है।

दरअसल, यह चौंकाने वाला निवास प्रमाण पत्र बिहार के पटना जिले से सामने आया है। जहां मसौढ़ी प्रखंड में एक कुत्ते का निवास प्रमाण पत्र जारी किया गया। इस प्रमाण पत्र पर कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी। नाम लिखा गया था ‘डॉग बाबू’ सन ऑफ ‘कुत्ता बाबू’। जैसे ही कुत्ते के नाम पर इस निवास प्रमाण पत्र का गंभीर मामला सामने आया। पटना प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्रशासन ने कहा- जांच की जा रही
जारी हुए कुत्ते के इस निवास प्रमाण पत्र को लेकर पटना प्रशासन की ओर से छेड़छाड़ या गलती की बात कही जा रही है। इस निवास प्रमाण पत्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। साथ ही इस मामले में कार्रवाई का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाएगी।

बता दें कि, चुनाव आयोग की तरफ से बिहार में चलाए गए गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान पिछले दिनों निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदनों की बाढ़ सी आ गई थी। भारी संख्या में निवास प्रमाण पत्र बनवाए गए। लेकिन अब इस सबके बीच एक कुत्ते के निवास प्रमाण पत्र ने सभी को हैरान कर दिया और बिहार सरकार पर भी सवाल खड़े हो गए।

लोगों ने लिए मजे

बिहार से जब कुत्ते के निवास प्रमाण पत्र का मामला सामने आया तो लोगों ने सोशल मीडिया पर खूब मजे लिए। लोगों ने कहा, ‘चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया सहित सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि डॉग बाबू, सन ऑफ कुत्ता बाबू का निवास प्रमाणपत्र बन गया है। वोटर लिस्ट में अब इनका नाम अपडेट होने में कोई असुविधा नहीं होगी!’

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!