कैबिनेट मंत्री संग बातचीत में नही निकला समाधान, उपनल कर्मियों का आंदोलन जारी

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर उपनल कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। परेड ग्राउंड में चल रहा धरना बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान उपनल के प्रतिनिधिमंडल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के बीच हुई वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी।

प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल ने बताया कि उन्हें सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के साथ बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन कर्मचारियों की मुख्य मांग—समान वेतन और नियमितीकरण— पर सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती तब तक आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

इधर, कांग्रेस ने भी उपनल कर्मचारियों के आंदोलन को खुले समर्थन का ऐलान कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल धरना स्थल पहुंचे और सरकार पर गंभीरता से निर्णय लेने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाह ले तो उपनल कर्मियों का नियमितीकरण जल्द किया जा सकता है, और वित्तीय भार की स्थिति में केंद्र सरकार से सहायता भी प्राप्त की जा सकती है।

उधर, राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर उपनल कर्मियों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने की अपील की है। ज्ञापन पर प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी और प्रदेश महामंत्री नंदलाल जोशी के हस्ताक्षर हैं।

देहरादून। पिछले काफी समय से उपनल कर्मचारी अपनी स्थाई नियुक्ति को लेकर आंदोलन रत हैं। उक्त महिला उपनल कर्मी थी और पिछले एक सप्ताह से परेड ग्राउंड में चल रहे धरने में शामिल हो रही थी। बताया जा रहा है कि आंदोलनरत महिला कर्मी की अचानक ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई।

उपनल महासंघ ने आरोप लगाया कि धामी सरकार द्वारा आंदोलन की सुध न लेने से महिला डिप्रेशन में आ गई, जिसके चलते ही उनकी मौत हो गई। आंदोलन स्थल पर दिवंगत महिला कर्मी को श्रद्धांजलि दी गई। मृतका उपनल कर्मी नीलम डोभाल जिला निर्वाचन कार्यालय देहरादून में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थीं। उनके आकस्मिक निधन के बाद उपनल कर्मचारी संगठन में सरकार के प्रति रोष उत्पन्न है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!