सरसावा में पांच मौतों से हड़कंप, हत्या के साथ ही सामूहिक आत्महत्या की आशंका

Astitva Times Desk
5 Min Read

सरसावा में पांच मौतों से हड़कंप, हत्या या सामूहिक आत्महत्या की आशंका

सहारनपुर। जिले के सरसावा थाना क्षेत्र स्थित कौशिश बिहार कॉलोनी में सामने आई सनसनीखेज घटना को लेकर नए तथ्य सामने आए हैं। इस दर्दनाक मामले में मृतकों की पहचान दो महिलाओं, दो स्कूली छात्रों और एक पुरुष अशोक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत था।
घटना स्थल से पुलिस ने तीन तमंचे भी बरामद किए हैं, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है। सभी शवों पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या और आत्महत्या—दोनों एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, मौके से मिले साक्ष्यों और प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को इस बात की अधिक आशंका है कि किसी एक व्यक्ति ने पहले परिवार के अन्य सदस्यों की गोली मारकर हत्या की और बाद में स्वयं आत्महत्या कर ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घर के अंदर किसी बाहरी व्यक्ति के जबरन प्रवेश के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक अशोक के पारिवारिक, मानसिक और आर्थिक हालात की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद से पूरे सरसावा क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। पड़ोसियों के अनुसार परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

 

सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरसावा की कौशिश बिहार कॉलोनी में एक ही परिवार के पांच लोगों के गोली लगे शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह घर से कोई हलचल न होने पर शक होने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जब घर के अंदर प्रवेश किया गया तो वहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव पड़े मिले। सभी के शरीर पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। पूरे क्षेत्र को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आपसी विवाद, पारिवारिक रंजिश, लूट या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे सरसावा क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!