अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों पर पुलिस का सघन सर्च अभियान

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। न्यायालयों की सुरक्षा के संबंध में जारी उच्च स्तरीय निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को पूरे प्रदेश में व्यापक और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी जिला न्यायालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जनपद प्रभारियों ने न्यायालय परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंधों का भौतिक सत्यापन किया। प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिस बल की सक्रियता, आगंतुकों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा गया। न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी ली गई तथा संदिग्ध वस्तुओं की विशेष रूप से जांच की गई।

पुलिस टीमों ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों की सहायता से न्यायालय भवनों, पार्किंग स्थलों, रिकॉर्ड कक्षों और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई। जनपद प्रभारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार की गई आपात प्रतिक्रिया प्रणाली (इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम) की प्रभावशीलता का भी परीक्षण किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी भी न्यायालय परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि न्यायिक कार्य बाधित न हो, इसके लिए सुरक्षा और सुचारु संचालन के बीच संतुलन बनाए रखा जा रहा है। प्रदेश पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!