राजधानी में महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

Astitva Times Desk
3 Min Read

देहरादून। राजधानी देहरादून में रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्ठा इलाके में एक पुराने खंडहर से महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के कारण पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है। हाल के दिनों में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं के बीच इस मामले ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने खंडहर से बदबू आने की शिकायत की थी। जब आसपास के लोगों ने वहां जाकर देखा तो अंदर एक महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी देहात जया बलूनी और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और आसपास के गांवों व बस्तियों में भी पूछताछ की जा रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!