Dehradun: पल्टन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री, अतिक्रमण पर चलेगा अभियान

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

त्योहारी सीजन के मद्देनजर जिला प्रशासन सख्त, पल्टन बाजार में वाहन प्रतिबंध लागू कराने और प्रमुख बाजारों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश। व्यापारियों से सहयोग की अपील

देहरादून। त्योहारी सीजन के दौरान शहर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कमर कस ली है। पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत रेहड़ी -ठेली, दुकानों के बाहर रखे सामान और रास्तों में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई।प्रशासन के निर्देशों के अनुसार पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों को माल की लोडिंग-अनलोडिंग सुबह 11 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद करने को कहा गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

बाजारों में अतिक्रमण पर कार्रवाई
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच पैदल आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाएंगे। रेहड़ी-ठेली और दुकानों के बाहर रखे सामान के कारण रास्ता बाधित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और पुलिस के अधिकारी बाजारों में नियमित निगरानी रखेंगे। एडीएम के.के. मिश्रा ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखें और पैदल चलने वाले लोगों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रखें। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और बाजारों में यातायात एवं जनसुरक्षा की व्यवस्थाएं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश पंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!