माँ डाँटकाली मंदिर के श्री महंत रमन प्रसाद गोस्वामी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

Astitva Times Desk
2 Min Read

देहरादून। माँ डाँटकाली मंदिर के श्री महंत रमन प्रसाद गोस्वामी का निधन हो गया है। उनके दुखद निधन से धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन का समाचार मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।

महंत रमन प्रसाद गोस्वामी लंबे समय से माँ डाँटकाली मंदिर की सेवा और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उन्होंने अपने जीवन को धर्म, समाजसेवा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए समर्पित किया। उनके सान्निध्य में अनेक श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक दिशा प्राप्त की।

कांग्रेस नेता लालचंद शर्मा ने महंत जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। महंत जी का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

वहीं कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं धर्मपुर विधानसभा के वरिष्ठ नेता रमेश कुमार मंगू ने भी महंत जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज और धार्मिक जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
दोनों नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के निधन से न केवल धार्मिक जगत बल्कि सामाजिक जीवन में भी एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है। उनके योगदान और सादगीपूर्ण जीवन को सदैव याद किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!