देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रेमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, नंदा की चौकी क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है और दोनों पक्ष आपस में लड़ाई-झगड़ा करते हुए सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां दोनों पक्ष उग्र होकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी पुलिस की बात नहीं मानी और विवाद और अधिक बढ़ने लगा।
स्थिति को देखते हुए तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने और राहगीरों के चोटिल होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के नाम:
विरेन्द्र सिंह पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम जटीपुर, जिला पानीपत (हरियाणा), हाल निवासी लेन नंबर-3, बंतकुंज, ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 32 वर्ष।
परमजीत पुत्र ओमप्रकाश, निवासी दक्षिणा, पोस्ट घरौंदा, जिला करनाल (हरियाणा), उम्र 42 वर्ष।
परमजीत सिंह पुत्र जय भगवान सिंह, निवासी उपरोक्त, उम्र 42 वर्ष।
गुरमीत सिंह पुत्र जगवीर सिंह, निवासी उपरोक्त, उम्र 34 वर्ष।
रोहताश पुत्र जगवीर सिंह, निवासी उपरोक्त, उम्र 29 वर्ष।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने, मारपीट एवं हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को तत्काल सूचना दें।












