देहरादून। प्रदेश के टिहरी जनपद अंतर्गत देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। पौड़ी मार्ग पर डंपिंग जोन के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ पोस्ट श्रीनगर की टीम ने निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम और खतरनाक भूभाग होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा।प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अरम (16 वर्ष), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान खाई में गिरे छह लोगों के शव बरामद किए। प्रारंभिक चरण में दो शवों को बाहर निकाल लिया गया था, जबकि अन्य शवों को निकालने के लिए देर शाम तक अभियान चलाया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष)
गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष)
सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष)
अनामिया पुत्री अफजाल (3 वर्ष)
अमन पुत्र अफजाल (14 वर्ष)
अरमान पुत्र अफजाल (20 वर्ष)बताया जा रहा है कि सभी मृतक हरिद्वार जनपद के रायपुर जीतपुर क्षेत्र के निवासी थे और पारिवारिक यात्रा पर निकले हुए थे। हादसे में परिवार के छह सदस्यों की एक साथ मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शवों को खाई से निकालकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रशासन ने घायल किशोर के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस हृदयविदारक दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सतर्क वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है।











