Murder: पत्नी से मामूली कहासुनी के बाद पति ने पाठल से गला रेतकर की हत्या

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में मामूली घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना डालनवाला क्षेत्र के मोहिनी रोड स्थित एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर में पति ने कथित तौर पर कहासुनी के बाद अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक रामजी पाल पुत्र छिटाई पाल, निवासी ग्राम आदिलपुर, पोस्ट खंडासा, थाना कुमारगंज, जिला अयोध्या, उत्तर प्रदेश, उम्र करीब 38 वर्ष, चौकी आराघर पहुंचा। उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मोहिनी रोड स्थित दीपक भसीन के मकान के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सोनू पाल से कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर कमरे के पास रखे धारदार पाठल से पत्नी के गले पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को आरोपी ने घर के पास स्थित झाड़ियों में फेंक दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया और थाना डालनवाला से पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। मृतका के चेहरे और गले पर गहरे चोट के निशान थे। पूछताछ में आरोपी ने मृतका की पहचान अपनी पत्नी सोनू पाल के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रामजी पाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त धारदार पाठल बरामद कर लिया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की परिस्थितियों, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!